हिंदी विंडो

हिंदी में दुनिया, दुनिया में हिंदी…!

Advertisement

भारत टैक्सी का विस्तार जारी: 7.76 लाख चालक और 40.84 लाख ग्राहक जुड़े, दिल्ली-NCR और गुजरात में सेवा संचालित

भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म पर 7.76 लाख चालक और 40.84 लाख ग्राहक पंजीकृत, चरणबद्ध तरीके से होगा देशभर में विस्तार

नई दिल्ली।

सहकारी मॉडल पर आधारित देश की उभरती राइड-हेलिंग सेवा “भारत टैक्सी” के प्लेटफॉर्म पर अब तक 7.76 लाख सारथी (चालक) और 40.84 लाख ग्राहकों का पंजीकरण हो चुका है। यह जानकारी सरकार द्वारा साझा किए गए आधिकारिक विवरण में सामने आई है।

भारत टैक्सी का संचालन सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य चालक-स्वामित्व (Driver-Owned) आधारित, पारदर्शी एवं सहकारी मॉडल पर मोबिलिटी सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्लेटफॉर्म में चालक (सारथी) एप, यात्री एप तथा बैकएंड मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं।

वर्तमान में यह सेवा दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) तथा गुजरात के विभिन्न शहरों में संचालित हो रही है। कंपनी देशभर में इसे चरणबद्ध तरीके से विस्तारित कर रही है। हालांकि नए राज्यों एवं शहरों में सेवाएं शुरू करने का निर्णय परिचालन तैयारियों, चालक उपलब्धता, वैधानिक अनुमतियों तथा संबंधित राज्य सरकारों एवं अन्य हितधारकों के सहयोग पर निर्भर करेगा।

सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के अनुसार किसी भी नए राज्य में सेवा शुरू करने से पहले सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। इसके तहत संबंधित राज्य के परिवहन विभाग, नगर निकायों, सहकारिता विभाग तथा अन्य प्राधिकरणों से आवश्यक लाइसेंस, पंजीकरण और अनुमतियां प्राप्त की जाती हैं।

इसके अलावा किसी शहर में सेवा प्रारंभ करने से पहले चालक ऑनबोर्डिंग, दस्तावेज सत्यापन, प्रशिक्षण तथा जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। कंपनी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से लोगों तक जानकारी पहुंचाने का कार्य करती है।

भारत टैक्सी का उद्देश्य सहकारी व्यवस्था के माध्यम से चालक-केंद्रित परिवहन सेवा विकसित करना है, जिससे पारदर्शिता बढ़े और चालक सीधे इस व्यवस्था का हिस्सा बन सकें।

(स्रोत: भारत सरकार द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी / सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड संबंधी आधिकारिक विवरण)