हिंदी विंडो

हिंदी में दुनिया, दुनिया में हिंदी…!

Advertisement

टीएमजेड से बदलेगा भारत का टेलीकॉम भविष्य: ग्वालियर बनेगा ग्लोबल दूरसंचार विनिर्माण हब, ₹5,500 करोड़ निवेश और 18,000 रोजगार की तैयारी

ग्वालियर/मुंबई। भारत को वैश्विक दूरसंचार विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दूरसंचार विभाग (DoT) ने सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAI) के सहयोग से मुंबई में उद्योग जगत के साथ दो उच्चस्तरीय बैठकों का आयोजन किया। इन बैठकों का उद्देश्य मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) के लिए निवेश आकर्षित करना और उद्योग जगत की भागीदारी सुनिश्चित करना था।

बैठकों की संयुक्त अध्यक्षता केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। इस दौरान दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन भारत को वैश्विक दूरसंचार विनिर्माण मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को केवल सेवा-आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर उत्पाद-आधारित अर्थव्यवस्था बनना होगा। इसके लिए घरेलू मूल्यवर्धन बढ़ाने, भारत में बौद्धिक संपदा (IP) विकसित करने तथा भारतीय डिज़ाइन और भारतीय निर्माण वाले दूरसंचार उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

मुंबई में आयोजित पहली बैठक निवेशक गोलमेज सम्मेलन थी, जिसमें Qualcomm, Ericsson, Nokia, NTT DATA, Reliance Jio, TCS, Tech Mahindra सहित कई प्रमुख वैश्विक एवं भारतीय कंपनियों ने भाग लिया। चर्चा का मुख्य फोकस निवेश आकर्षित करना, घरेलू विनिर्माण को मजबूत करना, निर्यात बढ़ाना, आयात पर निर्भरता कम करना और भारत को प्रतिस्पर्धी इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करना रहा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह परियोजना केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार का संयुक्त प्रयास है। उन्होंने निवेशकों को राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश तेजी से विनिर्माण क्षेत्र का पसंदीदा निवेश गंतव्य बन रहा है।

बैठक के समापन पर भाग लेने वाली कंपनियों ने ₹2,000 करोड़ से अधिक के तत्काल निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की, जिससे लगभग 4,000 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। वहीं, अब तक उद्योग जगत की ओर से ₹5,500 करोड़ से अधिक निवेश तथा 18,000 से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता सामने आ चुकी है।

इसके अलावा Qualcomm, Ericsson, Nokia सहित आठ वैश्विक तकनीकी कंपनियों तथा TCS और Tech Mahindra जैसी प्रमुख आईटी कंपनियों ने ग्वालियर स्थित प्रस्तावित TMZ में ग्लोबल सर्विस सपोर्ट एवं डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने में रुचि दिखाई।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने निवेशकों की सराहना करते हुए उन्हें 7 से 10 अक्टूबर 2026 के बीच नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में आयोजित होने वाली India Mobile Congress 2026 में भाग लेने का आमंत्रण भी दिया।