हिंदी विंडो

हिंदी में दुनिया, दुनिया में हिंदी…!

Advertisement

देहरादून में सजा ‘संवाद’ का मंच, मुख्यमंत्री धामी ने साझा की बचपन की यादें; सतत विकास और युवा अवसरों पर रखे विचार

कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता, भागवत कथा वाचिका एवं भजन गायिका देवी चित्रलेखा के संबोधन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत कार्यक्रम आयोजकों द्वारा किया गया।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उनका समाचार पत्रों से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने बताया कि खटीमा क्षेत्र के अपने गांव नंगलाथराई में बचपन के दिनों में स्कूल से लौटने के बाद वह अपने मित्रों के साथ शाम को अखबार पढ़ने जाया करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय गांव में अखबार सीमित संख्या में पहुंचते थे और एक ही अखबार को सैकड़ों लोग पढ़ते थे। उन्होंने बताया कि समाचारों के प्रति उनकी रुचि बचपन से ही रही है और यही रुचि आगे चलकर उनके सार्वजनिक जीवन में भी सहायक बनी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में तेजी से हो रहे विकास कार्यों, निवेश आकर्षित करने के प्रयासों तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

‘संवाद’ कार्यक्रम में समाज, अध्यात्म, शिक्षा, उद्योग और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सतत विकास, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक बदलावों पर सार्थक चर्चा को बढ़ावा देना रहा।