अल्मोड़ा से उड़ी नई उम्मीद, उत्तराखंड के युवा ने बनाया फ्लाइंग कार का प्रोटोटाइप
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के काफलीखान गांव के युवा नवप्रवर्तक रवि टम्टा ने तकनीक की दुनिया में एक नई उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपने स्टार्टअप Hapida Sky के तहत विकसित HAPIDA SKYNEX Prototype नामक सिंगल-सीटर फ्लाइंग कार का सफल परीक्षण किया है। परीक्षण के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इस स्वदेशी नवाचार की सराहना कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार यह वाहन पारंपरिक कार नहीं बल्कि आधुनिक ड्रोन तकनीक पर आधारित उन्नत एयर मोबिलिटी प्रोटोटाइप है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा का समय कम करना है। जहां लगभग 40 किलोमीटर की सड़क यात्रा में 90 मिनट तक लग जाते हैं, वहीं इसी दूरी को भविष्य में लगभग 10 मिनट में तय करने की संभावना जताई जा रही है।
रवि टम्टा पहले भी कई अभिनव तकनीकी प्रयोग कर चुके हैं। उनका कहना है कि यदि इस तकनीक को आवश्यक सरकारी स्वीकृतियां, सुरक्षा मानक और निवेश प्राप्त होता है तो भविष्य में यह पहाड़ी क्षेत्रों के लिए परिवहन का नया विकल्प बन सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में eVTOL (Electric Vertical Take-Off and Landing) और एयर मोबिलिटी तकनीकों पर तेजी से काम हो रहा है। हाल के वर्षों में कई भारतीय स्टार्टअप भी एयर टैक्सी और फ्लाइंग व्हीकल तकनीक विकसित कर रहे हैं।
















