
भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा सहयोग को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सेशेल्स कोस्ट गार्ड को भारत में निर्मित फास्ट पेट्रोल वेसल ‘पीएस लेस्पवार (PS Lespwar)’ सौंप दी। यह कदम हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ सेशेल्स कोस्ट गार्ड बेस पर आयोजित हस्तांतरण समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर भारत ने सेशेल्स को छह एम्बुलेंस, दस यूटिलिटी वाहन तथा पांच लेजर रेडियल नौकाएं भी भेंट कीं, जिनका उद्देश्य देश की समुद्री निगरानी क्षमता और सुरक्षा संसाधनों को सशक्त बनाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत, सेशेल्स की सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एक विश्वसनीय विकास साझेदार के रूप में निरंतर सहयोग देता रहेगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएस लेस्पवार सेशेल्स की समुद्री निगरानी तथा उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) की सुरक्षा क्षमता को और मजबूत करेगा। यह जहाज हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री अपराध, अवैध गतिविधियों और निगरानी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे हैं, जहां वह देश के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। यह उनकी सेशेल्स की दूसरी सरकारी यात्रा है और इससे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।















